पार्टी एन्जॉय करें - प्लेट जाया न करें!
शादी, पार्टी आदि में प्रायः बुफ़े की व्यवस्था होती है जिसमें मेज़बान को प्लेट की गिनती के हिसाब से पेमेंट करना पड़ता है। परंतु हम कभी इस पर विचार नहीं करते हैं! अक्सर हम एक से अधिक प्लेट में खाना खाते हैं। कुछ लोग तो तीन-तीन, चार-चार प्लेट भी यूज कर लेते हैं। आप खाना तो उतना ही खा रहे हैं मगर बेचारे मेज़बान को 1 व्यक्ति के लिए 2-3 लोगों का पेमेंट देना पड़ता है। क्या यह मेज़बान के साथ ज्यादती और अन्याय नहीं है?
यदि आप किसी होटल में खाना खाते हैं और आपसे उतने ही खाने का 3 गुना पैसा मांगा जाए तो आपको कैसा लगेगा? पार्टी में मेज़बान को उतने ही खाना के लिए 3 गुना या 4 गुना पेमेन्ट के लिए क्यों मज़बूर करते हैं? विचार कीजिए! आप जागरूक रहें और महिलाओं व अपने बच्चों को भी इसके लिए जागरूक करें कि वे एक-एक ही प्लेट का इस्तेमाल करें।
एक व्यक्ति एक ही प्लेट में तो खा ही सकता है। एक आइटम खाकर, प्लेट फेंक कर दूसरी प्लेट निकालने की हमारी आदत बेचारे मेज़बान को कितनी महंगी पड़ती है, यह हम कभी सोचने की ज़रूरत ही नहीं समझते हैं! और, बेचारा मेज़बान किसी को कुछ नहीं कहता। वह चुपचाप हमारी लापरवाही का एकस्ट्रा पेमेंट कर देता है। वह हम सबके सामने हाथ जोड़कर खड़ा रहता है और विनती करता है कि हम पार्टी का आनंद लें। लेकिन हम कैसा आनंद लेते हैं! थोड़ी-सी लापरवाही के कारण हम उसको कई गुना ज़्यादा पेमेन्ट करने के लिए मज़बूर कर देते हैं।
अतः हम पार्टी का भरपूर आनंद लें। भरपेट खाना खाएं। मगर थोड़ी-सी समझदारी दिखाते हुए मेज़बान का सहयोग करें। ध्यान रहे, गिनती सबसे बड़ी वाली प्लेट यानि डाइनिंग प्लेट की होती है जिसमें रोटी, चावल, सब्जी, पापड़, पुलाव इत्यादि खाते हैं। छोटी वाली टी-प्लेट, दोना-पत्तल या डिस्पोजेबल की गिनती नहीं होती है। यानी आप इन डिस्पोज़ेबल या छोटी वाली प्लेटों में स्टार्टर, स्वीट-डिश और आइसक्रीम आदि कितनी भी बार ले सकते हैं। इससे मेजबान के बजट पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आशा है आप इस संदेश का असली मकसद ज़रूर समझ गए होंगे और पार्टी-भोज आदि में एक से अधिक डाइनिंग प्लेट (सबसे बड़ी वाली प्लेट) का इस्तेमाल नहीं करेंगे साथ ही दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
- - -
डॉ. राजा राम यादव
21.11.2018
No comments:
Post a Comment